जयपुर। सावन की फुहारों, लहरिया की रंगत और राजस्थानी लोक संस्कृति की छटा के बीच महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से ‘सतरंगी सावन’ लहरिया उत्सव का आयोजन 8 अगस्त को राजा पार्क स्थित होटल क्लिक में किया जाएगा। नृत्यम फाउंडेशन एवं नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक आयोजन में पारंपरिक परिधानों, लोक संस्कृति और रचनात्मक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजिका काजल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य समन्वयक भीम सिंह कासनिया होंगे। दोपहर 1 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में सावन क्वीन, बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस और बेस्ट मेहंदी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागी पारंपरिक लहरिया परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त दिनचर्या में महिलाओं को स्वयं के लिए समय निकालना कठिन हो जाता है। ऐसे आयोजन न केवल तनाव से राहत देते हैं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने, रचनात्मकता को निखारने और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने महिलाओं से पारंपरिक लहरिया परिधान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सावन उत्सव को यादगार बनाने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शर्मा जी ज्वैलरी वाले तथा प्रसिद्ध ज्वेलरी डिजाइनर प्रज्ञा टिबरीवाल का विशेष सहयोग रहेगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को उनकी ओर से आकर्षक उपहार भी प्रदान किए जाएंगे।
नेशनल ब्यूटी एसोसिएशन की संस्थापक शीलू सैनी ने बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रतिभागियों को विशेष डांस रिहर्सल करवाई जा रही है, ताकि कार्यक्रम को और अधिक भव्य और आकर्षक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि ‘सतरंगी सावन’ केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति, लहरिया परिधान, लोकगीत, नृत्य और सावन की खुशियों का उत्सव है, जो महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नए संबंध बनाने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा।






