अजमेर/जयपुर। महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को अजमेर की आनासागर नई चौपाटी पर करीब 600 बालिकाओं और महिला पुलिसकर्मियों ने एकजुट होकर सुरक्षा का संकल्प लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कम्युनिटी पुलिसिंग) सुनिता मीणा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने हाथों में सुरक्षा संदेश लिखी पट्टिकाएं लेकर आमजन को जागरूक किया।
कार्यक्रम में छात्राओं को राजकॉप सिटीजन ऐप, पुलिस हेल्पलाइन नंबरों और महिलाओं से संबंधित नए कानूनों की जानकारी दी गई। सेल्फ डिफेंस टीम ने बालिकाओं को आपात स्थिति में आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताते हुए लाइव डेमो भी दिया। कार्यक्रम के दौरान गुब्बारों का आकाश में विमोचन कर महिला सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प दोहराया गया।
अभियान के तहत पृथ्वीराज नगर स्थित सतगुरू इंटरनेशनल स्कूल में भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। यहां छात्राओं, स्कूल स्टाफ और पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा की तथा सुरक्षा संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर किए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिकाऊ प्रियंका कुमावत, उप अधीक्षक गोमाराम, महिला थाना अधिकारी कल्पना राठौड़ सहित हरिभाऊ उपाध्याय नगर और कृष्णगंज थाना पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






