जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) की पर्यवेक्षक (महिला) सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 24 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले में परीक्षा के लिए 84 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 51 राजकीय और 33 निजी संस्थान शामिल हैं। परीक्षा में 26,427 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 12,854 अभ्यर्थी राजकीय तथा 13,573 अभ्यर्थी निजी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
जिला समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर-पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला कलक्ट्रेट के कक्ष संख्या-116 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। यह 22 और 23 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक तथा 24 जुलाई को सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0141-2206699 रहेगा।






