जयपुर। राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को गोद लिए गए सांगानेर पुलिस थाने का निरीक्षण कर पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, अपराध नियंत्रण तथा जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त जयपुर सचिन मित्तल, उप महानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप, पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन तथा सहायक पुलिस आयुक्त हरिशंकर शर्मा उपस्थित रहे। डीजीपी ने थाना परिसर, अभिलेख संधारण, अनुसंधान कार्य, जनसुनवाई व्यवस्था तथा पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन का अवलोकन किया।
बैठक में डीजीपी ने कहा कि थाना पुलिस का सबसे महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है, इसलिए उसकी कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने पर बल दिया।
उन्होंने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने, केस ऑफिसर योजना के मामलों की नियमित मॉनिटरिंग, महिला अत्याचार संबंधी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में अनुसंधान तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने सड़क दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने, कमजोर वर्गों से जुड़े अपराधों की रोकथाम, पुलिस सत्यापन समयबद्ध पूरा करने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि बीट अधिकारी नियमित जनसंपर्क बैठकों के माध्यम से आमजन को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव और पुलिस की जनहितकारी सेवाओं के बारे में जागरूक करें। उन्होंने पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार को प्रभावी पुलिसिंग का आधार बताया।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने थाना परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और आमजन की सुविधा के लिए किए गए सुधार कार्यों की सराहना करते हुए ‘उत्कृष्ट थाना मार्गदर्शिका’ के सभी मानकों को समयबद्ध रूप से लागू करने के निर्देश दिए। थानाधिकारी लिखमाराम ने पूर्व में दिए गए निर्देशों पर किए गए सुधार कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की।






