दो दिन में 1,259 हार्डकोर अपराधियों पर कार्रवाई, 221 नशा तस्कर गिरफ्तार

जयपुर। प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चल रहे एक माह के विशेष अभियान के पहले दो दिनों में राजस्थान पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 1,259 हार्डकोर अपराधियों पर शिकंजा कसा है। 20 जुलाई से 20 अगस्त तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत नशा तस्करों, साइबर अपराधियों, अवैध हथियार रखने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ राज्यभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर सभी पुलिस रेंजों और दोनों पुलिस आयुक्तालयों में एक साथ शुरू किए गए अभियान में 220 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 221 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं साइबर अपराध से जुड़े 52 मामलों में 111 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 करोड़ 41 लाख 89 हजार 442 रुपये बरामद किए गए, जबकि 11 लाख 25 हजार 197 रुपये पीड़ितों को वापस दिलाए गए।

अभियान के दौरान अवैध हथियारों से जुड़े 45 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि अवैध खनन के खिलाफ 75 मामलों में कार्रवाई की गई। नशा विरोधी अभियान में बीकानेर रेंज में बड़ी मात्रा में हेरोइन, गांजा, डोडा पोस्त, एमडी, चिट्टा और फार्मा ड्रग्स जब्त कर तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की गई।

यातायात नियमों के पालन को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। राज्यभर में 80,264 वाहनों की जांच की गई और 24,816 मामलों में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 1,603, बिना हेलमेट 26,274, बिना सीट बेल्ट 1,637, काली फिल्म लगे 1,457 तथा ओवरलोडिंग के 5,580 मामलों सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई।

महिला सुरक्षा को अभियान की प्राथमिकता में रखते हुए 403 मामलों में कार्रवाई की गई तथा 642 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 1,685 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन भी किया गया।

अभियान के दौरान जयपुर रेंज ने 247 हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर अग्रणी भूमिका निभाई, जबकि बीकानेर रेंज ने 81 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर नशा तस्करों के विरुद्ध सबसे अधिक कार्रवाई की। जोधपुर रेंज ने 186 हार्डकोर अपराधियों पर कार्रवाई की, वहीं अजमेर रेंज महिला सुरक्षा संबंधी मामलों में सक्रिय रही।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संगठित अपराध, साइबर अपराध, नशा तस्करी और महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Hot this week

नशामुक्त राजस्थान के लिए चलेगा विशेष अभियान, हर स्तर पर तय होगी जवाबदेही : राज्यपाल

जयपुर। प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में राजस्थान...

Topics

SC/ST एक्ट में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगने वाला मुहाना थाने का कांस्टेबल 20 हजार लेते गिरफ्तार

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img