जयपुर। राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में प्रवेश कर गई है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की लिखित परीक्षा में सफल 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का आयोजन 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश के विभिन्न रेंज मुख्यालयों पर किया जाएगा। परीक्षा के प्रवेश-पत्र जल्द जारी किए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
उप महानिरीक्षक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने बताया कि आरपीएससी ने उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित की थी, जिसका परिणाम 19 जून को घोषित किया गया था। अब लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड की ओर से आयोजित कराई जाएगी।
8 रेंज मुख्यालयों पर होगी परीक्षा
शारीरिक दक्षता परीक्षा जयपुर (दो परीक्षा केंद्र), उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर और अजमेर रेंज मुख्यालयों पर आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
प्रवेश-पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य
अभ्यर्थियों के प्रवेश-पत्र शीघ्र जारी किए जाएंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश-पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थाई आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित मानकों के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से कोई सूचना नहीं भेजी जाएगी। भर्ती से जुड़ी सभी अपडेट राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों से नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहने की अपील की गई है।






