जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए करीब 30 किलोमीटर क्षेत्र में लगे लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के साथ लूटी गई सोने की चेन खरीदने वाले ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर चेन बरामद कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई को जवाहर नगर निवासी अचल गुप्ता ने चेन स्नेचिंग की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस और सीएसटी टीम ने घटनास्थल से जुड़े मार्गों पर लगे करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर रामनगरिया, जगतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू (27) की पहचान की गई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी राजकुमार के साथ सुनसान इलाकों में बुजुर्ग महिलाओं की रेकी कर चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। लूटी गई चेन को वह अपने परिचित ज्वेलर विष्णु सोनी (30) निवासी केशव नगर, जयसिंहपुरा खोर (हाल निवासी एवं दुकान चांदपोल बाजार) को आधी कीमत पर बेच देता था।
पुलिस ने विष्णु सोनी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चेन बेचकर मिले पैसों का उपयोग नशे और अन्य व्यक्तिगत खर्चों में करते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू के विरुद्ध जयपुर शहर के विभिन्न थानों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विष्णु सोनी के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी राजकुमार की तलाश कर रही है तथा दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।






