जयपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत जयपुर जिले में 21 जुलाई से 31 अगस्त तक फॉलो-अप शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में मुख्य अभियान के दौरान शेष रहे शिविरों का आयोजन करने के साथ-साथ पूर्व में आयोजित शिविरों में प्राप्त सुझावों, लंबित प्रकरणों एवं जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) राजीव द्विवेदी ने बताया कि फॉलो-अप शिविरों में सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। शिविरों के दौरान प्राप्त सुझावों का परीक्षण कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का समयबद्ध लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि रास्तों एवं अतिक्रमण से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त अन्य लंबित जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष फोकस रहेगा, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।






