ब्यावर/जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना ब्यावर सदर के हेड कांस्टेबल रामाकिशन और दलाल कानाराम को रिश्वत प्रकरण में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि परिवादी की बहन से जुड़े एक प्रकरण में राजीनामा करवाने की एवज में तय राजीनामा राशि 9 हजार रुपए के अतिरिक्त 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। सत्यापन के बाद 8 हजार रुपए रिश्वत देना तय हुआ।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अनुसार शिकायत में बताया गया था कि पुलिस थाना ब्यावर सदर के हेड कांस्टेबल रामाकिशन और कांस्टेबल मनोज राजीनामा करवाने के बदले रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान कर रहे थे। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजवीर सिंह चंपावत के नेतृत्व में एसीबी टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल रामाकिशन ने 8 हजार रुपए की रिश्वत दलाल कानाराम को दिलवाई। एसीबी टीम को देखकर कानाराम ने यह राशि अपने परिचित राहुल काठात को सौंप दी, जो नकदी लेकर मौके से फरार हो गया। एसीबी उसकी तलाश में जुटी हुई है।
एसीबी ने हेड कांस्टेबल रामाकिशन और दलाल कानाराम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।






