जयपुर। आदर्श नगर थाना पुलिस ने 11 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी बदमाश नवाज शरीफ को हरियाणा के नूंह (मेवात) क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर के आदर्श नगर, आमेर और शिवदासपुरा थानों में दर्ज मामलों में लंबे समय से वांछित था तथा एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेन्द्र बांगड़वा के निर्देशन तथा आदर्श नगर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ एटीएम मशीनों के आसपास निगरानी करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता, उसे बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल देता और बाद में उसी कार्ड से खाते से नकदी निकाल लेता था। लगातार फरार रहने के कारण आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित था। तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरियाणा के नूंह (मेवात) क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।






