जयपुर। बीएमसीएच एवं कैंसर केयर का 29वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को महाराणा प्रताप सभागार में उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा सेवाओं के प्रति समर्पण, मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और अस्पताल परिवार की एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राजस्थान की सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में समर्पण और मानवीय संवेदना ही सबसे बड़ा पुरस्कार है। बीएमसीएच के अध्यक्ष नवरतन कोठारी ने स्वागत भाषण में संस्थान की अब तक की यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कैंसर केयर की अध्यक्ष अनिला कोठारी ने कैंसर मरीजों के उपचार और देखभाल के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
विमल चंद सुराणा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
समारोह का प्रमुख आकर्षण चिकित्सालय के प्रबंध न्यासी विमल चंद सुराणा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करना रहा। उनके जीवन और योगदान पर आधारित फिल्म भी प्रदर्शित की गई। वहीं, चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. अजय बापना एवं रेजिडेंट डॉ. सुरेश गुप्ता, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. संजीव पाटनी, सीनियर कंसल्टेंट डॉ. शिखा तिवाड़ी, सीनियर रेजिडेंट डॉ. लता गुप्ता और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. तेज प्रकाश सोनी को संजीवनी अवॉर्ड प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में कला और संस्कृति के रंग भी खूब बिखरे। रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग की सामूहिक संगीत प्रस्तुति, डॉ. प्रशांत शर्मा का बांसुरी वादन और विभिन्न विभागों के आकर्षक नृत्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे। फार्मेसी एवं फाइनेंशियल काउंसलिंग विभाग की नाट्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों की सराहना बटोरी। कैंसर केयर टीम, पैथोलॉजी, बिलिंग, हेल्पिंग स्टाफ सहित अन्य विभागों की प्रस्तुतियों ने अस्पताल परिवार की सामूहिक भावना और आपसी जुड़ाव को दर्शाया।






